सुबह से रात तक रसोई में खटती पत्नि से
जब पति कान में फुसफुसा के पूछता है
तुमने कुछ खाया?कितना ध्यान रखती हो सबका तुम,
वो होती है, एक बूंद जिंदगी।

बेरोजगार युवक/युवती को  जब,
नौकरी के लिए इंटरव्यू कॉल
आती है,या नियुक्ति पत्र मिलता है,
वो होती है,एक बूंद जिंदगी।

नन्हा बालक जब पहली बार बोलता है
माँ, अम्मा,पा…पा…
अपने नन्हें कदमो से पहली बार
धरती माँ को सलाम करता है
वो होती है,एक बूंद जिंदगी।

युद्ध में गुम हुए सैनिकों की
जब सूचना मिलती है
कि वो सुरक्षित हैं
वो होती है,एक बूंद जिंदगी।

बहुत दिनों में खाने के इंतज़ार में
जब किसी भूखे के हाथ में 
रोटी का एक टुकड़ा आता है
वो होती है,एक बूंद जिंदगी।

कचहरी के चक्कर काटते मुवक्किलों को,
जब निष्पक्ष न्याय मिलता है,
वो होती है ,एक बूंद जिंदगी।

सब तरफ से उम्मीद छोड़ चुके मरीज के परिजनों को
डॉक्टर जब कहते हैं
पेशेंट इज आउट ऑफ डेंजर नाउ,
वो होती है,एक बूंद जिंदगी।

कोई नेता जब ओछे स्वार्थ से ऊपर उठकर,देश हित में सही
निर्णय लेता है,
वो होती है,एक बूंद जिंदगी।





                     संगीता अग्रवाल