मॉम..... मॉम... व्हेयर आर यू? देखो मैं आ गई , आपकी नॉटी मिशी आ गई। मारिया ने ये आवाज़ जैसे ही सुनी वो भागती हुई किचेन से आई। उसे ध्यान ही नहीं था कि उसने गैस पर दूध रखा हुआ है। वो झट से मिशेल के पास आई और उसे अपनी बाहों में समेट लिया और उसे बेतहाशा चूमने लगी। मिशेल ने उन्हें झटके से अलग किया। और तुनक कर बोली ।
ओ मॉम, आपको मैने कितनी बार कहा है कि आप मुझे ऐसे किस ना किया करें। मुझे अच्छा नहीं लगता। आपको किसी ने बताया नहीं कि हमारी सांसों से जर्म्स हमारी बॉडी के अंदर जा सकते हैं। क्या आप चाहती हो कि मैं बीमार हो जाऊं? औरआपके इन हाथों में से जो मसालों की गंदी सी स्मेल आती है वो मुझसे बर्दाश्त नहीं होती। प्लीज लीव मी। मिशेल ने उनसे दूर सोफे पर पैर पसार कर बैठते हुए कहा।
मारिया को धक्का लगा , उसकी नन्हीं मिशेल जो उसके गाउन का कोना पकड़ कर पूरे किचेन में घूमती रहती थी। उसके कान में हर छोटी छोटी बातें फुसफुसाकर बताया करती थी, कि आज उसके दोस्त के साथ उसकी कट्टी हो गई , आज उस लड़के ने मेरे बाल खींचे । आज मिस कैथी ने उसकी तारीफ की और उसके गालों को चूमा। हैरी सर ने उसकी नीली नीली आंखों की तारीफ की, और भी न जाने क्या क्या। कितनी बार वो अपनी ड्राइंग की कॉपी उसे बार बार दिखाती । वो मिशेल जो स्कूल जाते समय टिफिनबॉक्स के साथ अपने दोनों गालों पर फाइव फाइव किस की फरमाइश करती थी और याद ना रहने पर मुंह फुला लेती थी । वो आज उसके प्यार में जर्म्स ढूंढती है,जो मिशेल हमेशा उसके हाथों से ही खाना खाती थी , और खाना अच्छा लगने पर उन्ही मसाले वाले हाथों पर किस करती थी। उन्हीं हाथों को सूंघती थी और कहती थी
मॉम, आप इतने अच्छे मसाले डालती हो कि खाना बहुत टेस्टी बन जाता है। आपके हाथों में मसाले की खुशबू इतनी रच बस गई है कि उसके बिना आप मॉम नहीं लगती। मैं दूर से ही इसकी खुशबू से पहचान लेती हूं कि मेरी मॉम आ रही हैं। इट्स योर ट्रेडमार्क मॉम। यू आर सो क्यूट मम्मा । आई लव यू,। आपके इन हाथों को लगता है मैं चूम लूं।और मेरे उन्ही हाथों को पकड़ कर वो न जाने कितनी चुम्बन जड़ देती।
और आज उसे उसी मां के हाथों की स्मेल इतनी गन्दी लग रही है कि वो बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उसकी मिशेल के अंदर इतना ज्यादा बदलाव कैसे आ गया? मेरी परवरिश तो ऐसी नहीं थी। उसने मिशेल की ओर देखा, वो कहीं से
वो मासूम सी मिशेल नहीं लग रही थी। छोटी सी स्कर्ट और स्लीव लेस टॉप पहने आंखों में गागल्स लगाए वो बेपरवाही से बैठी अपनी फ्रेंड्स से चैट कर रही थी।
मारिया ने उसे देखकर कहा
मिशेल, बेटा आपको क्या हो गया है? आप तो ऐसी नहीं थी, क्या आप घर से दूर जाकर अपने मैनर्स भी भूल गई?
पहले तो आप मुझसे ऐसे बात नहीं करती थी। घर आते ही मुझसे लिपट जाया करती थी। और तरह तरह के खाने की फरमाइश करती थी। मॉम ये बना दो, मॉम वो बना दो । आपके हाथ का बादाम का हलवा खाना है। और डोसा तो आप आते ही मांगती थी। लेकिन अब अचानक इतना चेंज? मिशेल ऐसा क्यों ? मारिया को मिशेल का बिहेव अच्छा नहीं लगा।
मॉम प्लीज , अब आप लेक्चर देना बन्द करो, अब मैं कोई छोटी सी बच्ची नहीं हूं, जो आप मुझे समझा रही हो। मैं 16 साल की हो गई हूं । मुझे कैसे रहना है , कैसे कपड़े पहनने हैं ये मुझे अच्छे से पता हैं। मिशेल बोली।
बेटा, ये क्या बात हुई? कपड़े वही पहनने चाहिए जिससे लोग हमें अच्छी नजर से देखें। हमें घूरें नहीं। हमें अपने शरीर को दिखाना नहीं छुपाना चाहिए। मारिया ने उसके पास बैठकर उसके बालों में हाथ फेरा।
आप तो ओल्ड फैशन की हो , आपको क्या पता ? आप तो बस अपने सो कॉल्ड सोशल वर्क में ही बिजी रहती हो। मॉम न्यू जनरेशन ऐसे ही कपड़े पहनती है। आपकी तरह लंबा सा गाउन पहनकर उसके अंदर छुप नहीं जाती। और वैसे भी मैं अपना अच्छा बुरा समझ सकती हूं। मिशेल ने बुरा सा मुंह बनाया।
मारिया समझ गई कि मिशेल अभी कुछ नहीं समझेगी, एक्चुअली वो जिस स्कूल में पढ़ती थी वहां बड़े बड़े घरों की मॉर्डन लड़कियां भी आती थी जिनकी संगत ने एक 16 साल की लड़की का माइंड डायवर्ट कर दिया था।
ओके, ओके, लीव इट नाउ। देखो मैंने तुम्हारे लिए क्या बनाया है ? तुम्हारा ऑल टाइम फेवरेट बादाम का हलवा, और मसाला डोसा। खाकर उंगलियां न चाटती रह जाओ तब बताना। मारिया उसके लिए हलवा और डोसा ले आई।
Wow mamma, u r great । बादाम का हलवा , मसाला डोसा ? मिशेल उछल कर बैठ गई। मिशेल का ये फेवरेट नाश्ता था, एक बार तो उसका मन किया कि वो पूरी प्लेट साफ कर दे। उसने हाथ आगे बढाया भी ,लेकिन फिर कुछ सोच कर रुक गई और अपना हाथ पीछे खींच लिया । और उदासी से बोली।
सॉरी मॉम, अब मैं आपका बनाया हुआ इतना ऑयली नाश्ता नही कर सकती। मुझे अपना सबसे फेवरेट नाश्ता अपनी फिगर को मेंटेन रखने के लिए छोड़ना पड़ेगा । इसमें कितना सारा घी हैं, कितने ड्राई फ्रूट्स है। मेरा फैट बढ़ जायेगा। मैं भद्दी दिखने लगूंगी। मेरे पिंपल्स निकल आएंगे ना मम्मा ।क्या आप चाहती हो कि आपकी प्यारी सी स्लिम ट्रिम बेटी मोटी हो जाए। उसका ब्यूटीफुल फेस खराब हो जाए। उसने मारिया की गोद में सिर रखते हुए कहा।
मिशेल अपनी फिगर के प्रति इतनी जागरूक कभी नहीं थी। लेकिन जब से वो बाहर पढ़ने के लिए गई थी। तब से उसका रहन सहन, और बात करने का ढंग सब कुछ बदल गया था। मारिया टेंशन में आ गई।उसकी अपनी
बेटी उससे इस लहजे में बात कर रही थी। हेल्थ के प्रति उसकी अवेयरनेस अच्छी बात है। लेकिन अभी इसी उम्र से कहीं वो अपने शरीर के साथ फिगर के चक्कर में खिलवाड़ न करे।
मारिया सोच में डूब गई। उसने मिशेल को समझाने का फैसला किया।
क्रमशः
संगीता शर्मा" प्रिया"

0 टिप्पणियाँ