अगर कोई किसी से पूछे कि तुम्हें किससे सबसे ज्यादा प्यार है तो वह शख्स एक झटके में कह देगा कि मोबाइल से सबसे ज्यादा प्यार है । मोबाइल में जान बसती है हर किसी की । पति की, पत्नी की और तो और बच्चों की भी । अब तो बच्चे भी मोबाइल देखकर ही दूध पीते हैं, खाना खाते हैं और खेलते भी मोबाइल से ही हैं । समझ में नहीं आता कि साल भर का बच्चा भी मोबाइल कैसे चला लेता है । शायद अभिमन्यु की तरह वह भी अपनी मां के गर्भ में ही मोबाइल चलाना सीख जाता है । पर जो भी हो, ये मोबाइल बड़ी मस्त चीज है । 
अभी कल ही की बात है मैंने श्रीमती जी से कहा "अपना मोबाइल देना" तो जानते हो उसने क्या कहा ? कहने लगी "मैं आपके लिए अपनी जान भी दे सकती हूँ मगर मोबाइल नहीं" । मैं तो तभी से ही हतप्रभ हूँ कि मोबाइल जान से भी ज्यादा कीमती बन गया है । 

एक बार एक प्रेमी प्रेमिका एक पार्क में बैठे प्रेमालाप कर रहे थे कि अचानक एक बंदर आ गया और उसने प्रेमी का मोबाइल ले लिया । प्रेमी उस बंदर के सामने गिड़गिड़ा कर बोला " हे हनुमानजी के वंशज , आप चाहें तो मेरी प्रेमिका को ले लें मगर मेरा मोबाइल मुझे वापस दे दें । बंदर भी चालाक था कहने लगा "तेरी प्रेमिका का मैं क्या करूंगा । मेरी बंदरिया इसे घर में घुसने भी नहीं देगी मगर इस मोबाइल को देखकर वह प्रसन्न हो जायेगी और कम से कम कुछ दिन तो अपना मुंह बंद रखेगी" । बेचारी प्रेमिका अपनी दुर्गति देखकर भाग खड़ी हुई । 

एक अधिकारी को भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने रिश्वत लेते पकड़ लिया । उससे मोबाइल और उसका पासवर्ड मांगा गया । उसने देने से साफ इंकार कर दिया । कहने लगा "आप चाहें तो मुझे जेल भेज दो मगर मोबाइल और पासवर्ड किसी हालत में नहीं दूंगा "। अब वो कैसे बताये कि सारे राज बंद हैं उसके मोबाइल में । आपके बेस्ट फ्रेंड का मोबाइल भी अगर आपने चोरी से देख लिया तो समझो उसी दिन से दोस्ती खत्म । दोस्ती कराता भी मोबाइल है तो तोड़ता भी मोबाइल ही है । 

एक लड़के की जान पहचान फेसबुक पर एक लड़की से हुई । मोबाइल माध्यम बना । जान पहचान से बात बढ़कर दोस्ती तक जा पहुंची । दोस्ती से बढ़ी तो प्रेम तक जा पहुंची और प्रेम से बढ़ी तो फिर शादी तक जा पहुंची । जब उनकी शादी हो रही थी तब उनसे वचन भरवाये गये । लड़की ने कहा "बाकी सारे वचन तो ठीक हैं मगर मैं एक वचन और चाहती हूँ कि मोबाइल का पासवर्ड दोनों एक दूसरे को शेयर करेंगे" । 

लड़का बिफर गया और कहने लगा "ये भी कोई बात है क्या ? जितने वचन हमारे शास्त्रों में लिखे हैं केवल वही भरवाइये । जो शास्त्रों में नहीं हैं वे वचन मैं नहीं भरूंगा" । इस पर दोनों में तनातनी हो गई और शादी वहीं टूट गई । 

मोबाइल ने बहुत सारे घर उजाड़े हैं । जब कभी पति बाथरूम में नहा रहा होता है और पीछे से किसी प्लंबर या मैकेनिक का फोन आता है और फोन करने वाली पूछती है "और जानू , कैसे हो" तब पत्नी चकरा जाती है और माजरा समझ जाती है । फिर मोबाइल में प्लंबर, मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन वगैरह की तलाश होती है जो बहुत सारे होते हैं । फिर वह बारी बारी से सबको फोन करती है तो उनके नाम पता चलते हैं सुषमा, सविता, सुमन, सरिता, सना, सलोनी, सलमा, श्यामली, शांति, शैलजा आदि । और उस दिन उनकी शादी का अंतिम दिन होता है । 

एक थानेदार का मोबाइल चोरी हो गया । चोर पकड़ा गया मगर उसने मोबाइल देने से इंकार कर दिया । थानेदार बड़ा परेशान हुआ । आखिर चोर इस शर्त पर मोबाइल देने को तैयार हुआ कि थानेदार उसके खिलाफ दर्ज सभी FIRs में एफ आर लगायेगा । जब थानेदार ने एफ आर लगा दी तो उसने भी ईमानदारी दिखाते हुये उसका मोबाइल वापस कर दिया । आजकल आतंकवादी भी अब अपना काम करने का तरीका बदल रहे हैं । अब वे प्लेन हाइजैक करने के बजाय किसी वी आई पी का मोबाइल हाईजैक करने की फिराक में रहते हैं । 

मोबाइल की महिमा अनंत है । एक बार नारद मुनि भगवान के पास गये और कहने लगे कि प्रभु , मुझे समाचारों के लिए जगह जगह जाना पड़ता है । एक मोबाइल की व्यवस्था कर दो ना प्रभु । फिर घर बैठे ही सारे समाचार आपको मोबाइल पर ही सुनाता रहूंगा । प्रभु बोले "अगर मेरे पास ही मोबाइल होता तो फिर आपके समाचारों की जरूरत ही नहीं पड़ती" । नारद जी का मुंह जरा सा रह गया । 

कहते हैं कि पुराणों की संख्या 18 है । मुझे लगता है कि अब ये संख्या 19 हो जायेगी । अरे भाई , कोई तो मोबाइल पुराण लिखेगा ? शायद जल्दी ही बाजार में आ भी जाये । 

इति श्री मोबाइल कथा । अब सब लोग अपनी अपनी श्रद्धा अनुसार दान दक्षिणा मेरे बैंक खाते में ऑनलाइन जमा करवा कर अपने अपने घरों को प्रस्थान कर सकते हैं । 
जय श्री मोबाइल भगवान

हरिशंकर गोयल "हरि"