अलग-अलग लोगों के होते,
अलग-अलग जज़्बात।
हर एक के जीवन में अलग एहसास, 
लेकर आती बरसात।

बच्चे कागज की नाव बनाते,
जब बहती, उछल के ताली बजाते,
खुश रहते सदा ही, चाहे जैसे हो हालात।

हर एक के जीवन में अलग एहसास,
लेकर आती बरसात।

जब काले मेघों से भरे आसमान,
सपने होंगे पूरे, सोचे गरीब किसान,
रिमझिम बरखा लाती घर में,खुशियों की सौगात।

हर एक के जीवन में अलग एहसास,
लेकर आती बरसात।

बारिश की बूंदे मन में अगन लगाएं,
चंचल साजन के नैना, और सजनी शरमाए,
भीगी भीगी रुत में जागे, पिया मिलन की आस।

हर एक के जीवन में अलग एहसास, 
लेकर आती बरसात।
             ✍🏻प्रीति ताम्रकार
                   जबलपुर(मप्र)